Instagram Reel ने खोल दी लाखों की चोरी की पोल, हीरे का हार पहनकर वीडियो बनाना पड़ा भारी

MDDA Advertisement

देहरादून: देहरादून में इंस्टाग्राम पर हीरे का हार पहनकर रील बनाना एक महिला को भारी पड़ गया। राजपुर थाना पुलिस ने घरेलू सहायिका के रूप में काम करने वाली एक महिला को करीब 10 लाख रुपये के हीरे और सोने के आभूषण चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी करीब एक साल पहले अपने मालिक के घर से गहने चोरी कर ले गई थी, लेकिन इंस्टाग्राम पर अपलोड की गई रील ने उसकी पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया।

 

रील देखकर हुआ चोरी का खुलासा

 

राजपुर थाना क्षेत्र के आईटी पार्क निवासी नितिशा वत्स ने 1 जुलाई को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि करीब एक वर्ष पहले उनके घर से हीरे और सोने के आभूषण गायब हो गए थे। शुरुआत में उन्हें लगा कि उन्होंने गहने कहीं रख दिए हैं या किसी रिश्तेदार को दिए होंगे, इसलिए चोरी का संदेह नहीं हुआ।

 

कुछ दिन पहले एक परिचित ने उन्हें सोशल मीडिया पर एक महिला की इंस्टाग्राम रील दिखाई, जिसमें वह हीरे का वही हार पहनकर वीडियो बना रही थी। फोटो और रील देखने पर नितिशा ने महिला की पहचान अपनी पूर्व घरेलू सहायिका के रूप में की और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

 

घरेलू सहायिका निकली आरोपी

 

शिकायत के आधार पर राजपुर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी महिला को जोहड़ी रोड से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए आभूषण बरामद किए गए।

 

10 लाख के गहने बरामद

 

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक हीरे का हार, एक सोने का लॉकेट, दो सोने की अंगूठियां और एक सोने का पेंडेंट बरामद किया। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।

 

एक साल पहले दिया था चोरी को अंजाम

 

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नितिशा वत्स के घर घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी। उसने घर के लॉकर में रखे महंगे आभूषण देखे और लालच में आकर मौका मिलते ही उन्हें चुरा लिया। घर की मालकिन का भरोसा जीतने के लिए उसने उन्हें यह विश्वास भी दिलाया कि गहने शायद कहीं और रख दिए गए होंगे या किसी रिश्तेदार को दिए होंगे।

 

बेच नहीं सकी गहने, सोशल मीडिया बना सबूत

 

पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी के गहनों को बेचने की कोशिश कर रही थी, लेकिन महंगे हीरे और सोने के आभूषण होने के कारण खरीदार नहीं मिले। इस बीच उसने गहने पहनकर इंस्टाग्राम पर रील और फोटो पोस्ट कर दी, जो अंततः उसकी गिरफ्तारी का कारण बन गई।

 

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि चोरी के मामले में महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके कब्जे से करीब 10 लाख रुपये मूल्य के हीरे और सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *