देहरादून ट्रिपल मर्डर का खुलासा, 600 रुपये की मजदूरी को लेकर विवाद में बुजुर्ग दंपती समेत तीन की हत्या

MDDA Advertisement

MDDA Advertisement

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णु लोक कॉलोनी में हुए ट्रिपल मर्डर का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में राजकुमार नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी प्लंबर है और पिछले करीब दो साल से बुजुर्ग दंपती के घर पर प्लंबिंग का काम कर रहा था। पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या की वजह 600 रुपये की मजदूरी को लेकर हुआ विवाद सामने आया है।

 

पुलिस के अनुसार मंगलवार को बुजुर्ग दंपती ने राजकुमार को प्लंबिंग के काम के लिए घर बुलाया था। काम पूरा होने के बाद राजकुमार ने अपनी मजदूरी के 600 रुपये मांगे, जबकि दंपती उसे 300 रुपये देने लगे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस हो गई। आरोपी के मुताबिक दंपती ने उसे गालियां भी दीं, जिससे वह गुस्से में आ गया।

 

आरोप है कि विवाद के दौरान राजकुमार ने अपने पास रखे पेचकस से बुजुर्ग दंपती पर हमला कर दिया। दंपती की आवाज सुनकर पड़ोस के घर में काम करने वाली महिला बीच-बचाव के लिए पहुंची तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

घटना की सूचना मिलने पर रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घर के अंदर तीनों लहूलुहान हालत में अचेत मिले। पुलिस ने उन्हें तत्काल कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान 75 वर्षीय रजनी कपूर, 80 वर्षीय रमेश कपूर और 48 वर्षीय तिलया देवी उर्फ शीला के रूप में हुई है। तिलया देवी पड़ोस के घर में नौकरानी का काम करती थीं।

 

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी को मौके पर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

 

पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल पेचकस बरामद किया है। आरोपी के पास से एक सोने की चेन भी बरामद होने की बात पुलिस ने कही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। शुरुआती जांच में आरोपी को बुजुर्ग दंपती के घर की ओर अकेले जाते हुए देखा गया है।

 

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि आरोपी राजकुमार मूल रूप से बिजनौर जिले के किरतपुर थाना क्षेत्र के बांदा का रहने वाला है और वर्तमान में इंद्रेश नगर, सहारनपुर चौक के पास रह रहा था। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *