नैनीताल: उत्तराखंड की प्रसिद्ध पर्यटन नगरी नैनीताल की यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और पर्यटक-अनुकूल बनाने के लिए कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत ने कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। नई व्यवस्था के तहत 1 अगस्त से माल रोड पर वाहनों के हॉर्न बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा तल्लीताल डांठ से हनुमानगढ़ी बैंड तक के क्षेत्र को नो-पार्किंग जोन घोषित किया जाएगा।
1 अगस्त से माल रोड बनेगी ‘नो हॉर्न जोन’
कमिश्नरी सभागार में आयोजित बैठक में कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि नैनीताल देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों का प्रमुख आकर्षण है। माल रोड शहर की पहचान है, जहां पर्यटक प्राकृतिक सौंदर्य और शांत वातावरण का आनंद लेने आते हैं। ऐसे में वाहनों के अनावश्यक हॉर्न से ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है और पर्यटकों का अनुभव प्रभावित होता है। इसे देखते हुए 1 अगस्त से माल रोड पर हॉर्न बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध लागू किया जाएगा।
हनुमानगढ़ी तक नो-पार्किंग जोन
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए तल्लीताल डांठ से हनुमानगढ़ी बैंड तक के क्षेत्र को नो-पार्किंग जोन घोषित करने का निर्णय लिया गया है। पुलिस विभाग को इस संबंध में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
फिटनेस के बिना नहीं चलेंगे वाहन
बैठक में परिवहन और पुलिस विभाग को निर्देश दिए गए कि बिना फिटनेस वाले किसी भी सरकारी या निजी वाहन का संचालन सड़क पर नहीं होने दिया जाए। ऐसे वाहनों को तत्काल सीज किया जाएगा। साथ ही निजी वाहनों के व्यावसायिक उपयोग पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
रूसी बाईपास बनेगा आधुनिक पार्किंग हब
बैठक में रूसी बाईपास को आधुनिक और अधिक क्षमता वाली पार्किंग के रूप में विकसित करने का भी निर्णय लिया गया। जिलाधिकारी नैनीताल को निर्माण एजेंसी का चयन कर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रस्तावित पार्किंग में शौचालय, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, दुकानों और सीसीटीवी जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
बैठक में मौजूद रहे वरिष्ठ अधिकारी
बैठक में आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्रा, डीडीए सचिव मनीष कुमार, आरटीओ गुरदेव सिंह, आरटीओ अरविंद पांडेय और नगर पालिका ईओ रोहिताश शर्मा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
बारिश के बीच जाम से जूझा शहर
बुधवार को हुई तेज बारिश के कारण नैनीताल रोड पर लंबा जाम लग गया। बारिश से बचने के लिए बड़ी संख्या में लोगों ने दोपहिया के बजाय चारपहिया वाहनों का इस्तेमाल किया, जिससे तिकोनिया से मंगलपड़ाव तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई स्थानों पर सड़क पर जलभराव हुआ और दोपहिया वाहन फिसलने से लोग चोटिल भी हुए। यातायात निरीक्षक भूपेश पांडेय ने बताया कि बारिश के कारण अचानक चारपहिया वाहनों की संख्या बढ़ने से ट्रैफिक का दबाव काफी बढ़ गया।