रुद्रप्रयाग | प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट आज सुबह आठ बजे शुभ मुहूर्त में विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलते ही पूरा मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “जय बाबा केदार” के जयघोषों से गूंज उठा। इस पावन अवसर पर हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने की विशेष पूजा
इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं केदारनाथ धाम पहुंचे और बाबा केदार के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
51 कुंतल फूलों से सजा धाम
बाबा केदार के धाम को करीब 51 कुंतल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया, जिसने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। देश-विदेश से आए हजारों भक्त पहले ही धाम पहुंच चुके थे और कपाट खुलने के ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने।
भव्य यात्रा के साथ पहुंची डोली
कपाट खुलने से पूर्व बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली मंगलवार शाम लगभग 4:30 बजे केदारनाथ धाम पहुंची। यह डोली ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ से रवाना होकर 17 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा करते हुए जंगलचट्टी, रामबाड़ा, लिनचोली और बेस कैंप से होकर केदारपुरी पहुंची।
धाम पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर डोली का भव्य स्वागत किया। इसके बाद डोली ने मंदिर की परिक्रमा कर भंडार गृह में प्रवेश किया, जहां विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न हुई। इस दौरान 8वीं सिखलाई रेजीमेंट के बैंड की धुनों और डमरू की गूंज से पूरा वातावरण शिवमय हो गया।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
कपाट खुलने के अवसर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस और आईटीबीपी के जवानों को तैनात किया गया, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
यात्रा का विधिवत शुभारंभ
कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो गया। देशभर से आए श्रद्धालु बाबा केदार की भक्ति में लीन दिखाई दिए।
इस अवसर पर बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, पुजारी टी. गंगाधर लिंग, केदारसभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, जिलाधिकारी एवं बीकेटीसी मुख्य कार्य अधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर सहित कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।