EPFO खाताधारकों के लिए बड़ी राहत, अब एक दिन में मिलेगा पीएफ क्लेम का निपटान

MDDA Advertisement

देहरादून: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) से जुड़े लाखों खाताधारकों के लिए राहत भरी खबर है। अब मृतक कर्मचारियों के आश्रितों के पीएफ क्लेम का निपटान एक ही दिन में किया जाएगा। इसके साथ ही सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को भी उनके भविष्य निधि (PF) का भुगतान 24 घंटे के भीतर सुनिश्चित करने की व्यवस्था लागू की जा रही है। इसके अलावा डिजिटल सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए CITES (Centralized IT Enabled System) को भी लागू किया जा रहा है।

एक दिन में होगा क्लेम का निपटान

शुक्रवार को देहरादून स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान अपर केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त अजय ने बताया कि ईपीएफओ ने दावों के त्वरित निपटान के लिए नई व्यवस्था लागू की है। इसके तहत मृतक कर्मचारियों के आश्रितों के क्लेम और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के पीएफ भुगतान को प्राथमिकता देते हुए एक दिन के भीतर निपटाने का लक्ष्य तय किया गया है।

प्रदेश में 7.74 लाख से अधिक सदस्य

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में वर्तमान में 9,744 अंशदायी प्रतिष्ठान ईपीएफओ से जुड़े हुए हैं, जबकि संगठन के 7,74,377 सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सभी प्रकार के दावों का निपटान निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जा रहा है और इस दिशा में लगातार सुधार किए जा रहे हैं।

‘संवेदना सेल’ करेगा त्वरित सहायता

अपर केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त ने बताया कि क्षेत्रीय कार्यालय में स्थापित ‘संवेदना सेल’ विशेष रूप से मृत्यु दावों के त्वरित, संवेदनशील और त्रुटिरहित निपटान के लिए बनाया गया है। इस पहल का उद्देश्य शोकाकुल परिवारों को अनावश्यक परेशानियों से बचाते हुए जल्द से जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है।

डिजिटल सिस्टम होगा और मजबूत

ईपीएफओ ने अपनी सेवाओं को अधिक पारदर्शी और तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए डिजिटल सिस्टम को मजबूत करने पर भी जोर दिया है। इसके तहत CITES प्रणाली लागू की जा रही है, जिससे क्लेम प्रक्रिया तेज, पारदर्शी और अधिक सुविधाजनक होगी। संगठन का कहना है कि नई व्यवस्था से कर्मचारियों और उनके आश्रितों को समय पर लाभ मिल सकेगा और सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *