देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णु लोक कॉलोनी में मंगलवार दोपहर दिनदहाड़े घर में घुसे आरोपी ने लूट के विरोध पर बुजुर्ग दंपती और उनकी नौकरानी पर पेचकस से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद भाग रहे आरोपी को पड़ोसियों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के मुताबिक विष्णु लोक कॉलोनी के मकान नंबर 16 में दोपहर करीब तीन बजे आरोपी दाखिल हुआ। उस समय 85 वर्षीय रमेश कपूर, उनकी 76 वर्षीय पत्नी रजनी कपूर और करीब 45 वर्षीय नौकरानी शीला घर में मौजूद थीं। बताया जा रहा है कि आरोपी ने रजनी कपूर के गले से चेन छीन ली। विरोध करने पर उसने पेचकस से रजनी कपूर पर कई वार कर दिए। रमेश कपूर ऑर्डिनेंस फैक्टरी से सेवानिवृत्त बताए जा रहे हैं।
रजनी कपूर की चीख-पुकार सुनकर नौकरानी शीला मौके पर पहुंची तो आरोपी ने उस पर भी पेचकस से हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी ने रमेश कपूर पर भी वार किए। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
चीख-पुकार और शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख आरोपी भागने लगा और पेचकस दिखाकर उन्हें डराने का प्रयास किया। इसी दौरान पड़ोसियों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस को सूचना दी गई, लेकिन करीब 10 मिनट इंतजार के बाद भी एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद पड़ोसी अपने वाहनों से तीनों को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस लूट के अलावा वारदात के पीछे किसी अन्य वजह की भी जांच कर रही है। घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी समेत पुलिस के अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।