ऋषिकेश: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल के पांच वर्ष पूरे होने के अवसर पर शुक्रवार से प्रदेशभर में ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ थीम पर 15 दिवसीय ‘सेवा पखवाड़ा’ अभियान की शुरुआत हो गई। अभियान का शुभारंभ ऋषिकेश स्थित आईडीपीएल मैदान में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया, जबकि राज्यपाल मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए देहरादून पुलिस ने विशेष ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था लागू की है।
कार्यक्रम के लिए जारी किया गया विशेष ट्रैफिक प्लान
देहरादून पुलिस के अनुसार विभिन्न जिलों से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं। देहरादून से आने वाली बसों को रिस्पना, भानियावाला फ्लाईओवर, नेपाली फार्म, श्यामपुर चौकी और कैनाल गेट होते हुए आईडीपीएल पोस्ट ऑफिस पार्किंग तक भेजा जाएगा।
टिहरी और पौड़ी से आने वाली बसें भद्रकाली तिराहा, नटराज चौक और मनसा देवी फाटक होते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगी। हरिद्वार, कोटद्वार और कुमाऊं से आने वाले वाहनों के लिए नेपाली फार्म फ्लाईओवर, श्यामपुर चौकी और कैनाल गेट होकर आईडीपीएल पहुंचने का मार्ग तय किया गया है।
छोटे वाहनों के लिए अलग व्यवस्था
पौड़ी, टिहरी और देहरादून से आने वाले छोटे वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से आईडीपीएल हॉकी ग्राउंड पार्किंग तक पहुंचाया जाएगा। कार्यक्रम में निजी कार से आने वाले लोगों को भी केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करना होगा।
ये रहेंगे पार्किंग स्थल
केवी स्कूल के पास, आईडीपीएल
पोस्ट ऑफिस के पास प्रथम ग्राउंड
पोस्ट ऑफिस के सामने प्रथम ग्राउंड
हॉकी ग्राउंड, आईडीपीएल
चारधाम और हरिद्वार जाने वाले वाहनों के लिए डायवर्जन
पुलिस ने कार्यक्रम में शामिल नहीं होने वाले यात्रियों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग तय किए हैं। चारधाम और पर्वतीय जिलों की ओर जाने वाले वाहन नेपाली फार्म, भानियावाला, रानीपोखरी और नटराज चौक होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। वहीं हरिद्वार जाने वाले वाहनों को भी निर्धारित डायवर्जन रूट से भेजा जाएगा।
भारी वाहनों पर रहेगा प्रतिबंध
4 जुलाई को सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक ऋषिकेश क्षेत्र के आंतरिक और बाहरी मार्गों पर सभी भारी वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि एंबुलेंस, पुलिस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को छूट रहेगी। आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा।
नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर कार्रवाई
पुलिस ने चेतावनी दी है कि नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने पर ट्रैफिक क्रेन से वाहन हटाया जाएगा और 1,500 रुपये का चालान किया जाएगा।
पुलिस की अपील
देहरादून पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक भीड़ से बचें, सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें और कार्यक्रम के दौरान ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का सहयोग करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।