रुद्रपुर: उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के गदरपुर में करीब एक माह पहले सामने आए गौकशी मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को उपचार के लिए पहले बाजपुर अस्पताल और बाद में जिला अस्पताल रेफर किया गया।
पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में हुआ घायल
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बताया कि गौकशी प्रकरण में फरार आरोपी मोईन की मौजूदगी की सूचना एसओजी टीम को मिली थी। इसके बाद एसओजी और स्थानीय थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम कनौरा क्षेत्र में घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर चार राउंड फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली आरोपी के पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा।
17 किलो प्रतिबंधित मांस और अवैध हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 17 किलो प्रतिबंधित मांस, एक अवैध तमंचा, तीन जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ में आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद निवासी मोईन के रूप में हुई है।
एक माह से फरार था आरोपी
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि करीब एक माह पहले गदरपुर में गौकशी की घटना के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जबकि दो आरोपी फरार हो गए थे। फरार आरोपियों की लगातार तलाश की जा रही थी। सूचना मिलने पर की गई कार्रवाई में अब मोईन को गिरफ्तार कर लिया गया है।
आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
एसएसपी ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल आरोपी से पूछताछ की। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और यह पता लगा रही है कि वह अन्य किन मामलों में शामिल रहा है। साथ ही गौकशी मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है।
एसएसपी बोले- कानून से खिलवाड़ करने वालों को नहीं बख्शेंगे
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि पुलिस पर हमला करने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।