रुद्रपुर: उधम सिंह नगर जिले के दिनेशपुर थाना क्षेत्र में स्विमिंग पूल में नहाने के दौरान एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मौत के कारणों की जांच में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
बुलंदशहर निवासी था मृतक
मृतक की पहचान कपिल शर्मा (पुत्र देवी शरण शर्मा) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले का रहने वाला था और वर्तमान में दिनेशपुर के धर्मपुर क्षेत्र में रहकर एक फाइबर कंपनी में कार्यरत था। परिवार में वह तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। उसकी अचानक मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
दोस्तों के साथ गया था स्विमिंग पूल
मृतक के चचेरे भाई सुधीर के अनुसार, शनिवार रात करीब 8:30 बजे कपिल शर्मा अपने कुछ दोस्तों के साथ स्विमिंग पूल में नहाने गया था। इसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां कपिल को मृत अवस्था में देखकर परिवार में कोहराम मच गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारण का खुलासा
घटना की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक रविंद्र सिंह बिष्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ होगा कि युवक की मौत डूबने, किसी स्वास्थ्य संबंधी समस्या या अन्य किसी कारण से हुई।
CCTV फुटेज और दोस्तों से पूछताछ
पुलिस ने बताया कि घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही घटना के समय मौजूद दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। वहीं युवक की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और क्षेत्र में शोक का माहौल है।