रक्षाबंधन पर डाक विभाग का खास तोहफा, ₹500 के प्रीमियम राखी गिफ्ट बॉक्स में राखी के साथ पूजा सामग्री भी

MDDA Advertisement

हल्द्वानी। भाई-बहन के स्नेह और अटूट रिश्ते के पर्व रक्षाबंधन को खास बनाने के लिए डाक विभाग ने इस बार नया प्रयोग किया है। दूर-दराज रहने वाले भाइयों तक राखी के साथ पूजा सामग्री और अन्य उपहार पहुंचाने के लिए प्रीमियम राखी गिफ्ट बॉक्स तैयार किए गए हैं। प्रधान डाकघर हल्द्वानी में उपलब्ध ये गिफ्ट बॉक्स ग्राहकों को पसंद आ रहे हैं।

 

उत्तराखंड परिमंडल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल कार्यालय की ओर से इस वर्ष रक्षाबंधन के लिए प्रधान डाकघर हल्द्वानी को आकर्षक प्रीमियम राखी गिफ्ट बॉक्स उपलब्ध कराए गए हैं। ‘अनमोल तोहफा, अनमोल रिश्ते के लिए’ संदेश के साथ तैयार इन बॉक्स की कीमत 500 रुपये रखी गई है।

 

गिफ्ट बॉक्स में दो आकर्षक राखियों के साथ अक्षत-कुमकुम, बैज, फ्रिज मैग्नेट, पिक्चर पोस्टकार्ड और की-रिंग जैसी सामग्री दी गई है। इससे बहनों को राखी के साथ पूजा और उपहार की सामग्री अलग से भेजने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

 

प्रधान डाकघर में राखियों को सुरक्षित तरीके से भेजने के लिए विशेष वाटरप्रूफ लिफाफे भी उपलब्ध हैं। इनकी कीमत 12 रुपये है। राखी भेजने वाले ग्राहकों की सुविधा के लिए डाकघर में विशेष काउंटर भी बनाया गया है।

 

पोस्टमास्टर चंदन बिष्ट के मुताबिक, इस वर्ष राखियों के पार्सल की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है। डाक विभाग के माध्यम से रोजाना करीब 700 से 800 राखियां भेजी जा रही हैं। वहीं, तीन दिन पहले आए प्रीमियम राखी गिफ्ट बॉक्स में से अब तक आठ बॉक्स ग्राहक खरीद चुके हैं। नए गिफ्ट बॉक्स की भी मांग बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *