देहरादून। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) दूनवासियों को बिजली के तारों की झंझट से राहत देने की तैयारी में है। निगम ने देहरादून शहर की सभी बिजली लाइनों को अंडरग्राउंड करने का लक्ष्य तय किया है। कोशिश है कि यह काम मार्च 2027 से पहले पूरा कर लिया जाए। जिन स्थानों पर इस काम के लिए सड़कें खोदी गई हैं, वहां भी जल्द काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बारिश के दौरान लोगों को परेशानी न हो।
वहीं, बिजली लाइनों पर काम करने वाले लाइनमैन की सुरक्षा को लेकर भी निगम नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी में है। इसके तहत लाइनमैन को बिजली की लाइन ठीक करने के लिए पोल पर चढ़ने से पहले वीडियो कॉल के माध्यम से जानकारी देनी होगी। काम पूरा होने के बाद पोल से नीचे उतरने की जानकारी भी वीडियो के माध्यम से देनी होगी। इसके बाद ही बिजली आपूर्ति का शटडाउन वापस लिया जाएगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य छोटी गलती या लापरवाही के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकना है।
UPCL की ओर से कर्मचारियों को समय पर उनके जरूरी लाभ उपलब्ध कराने के लिए भी योजना तैयार की जा रही है। इसमें प्रमोशन, भत्ते और अन्य सुविधाएं शामिल हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों की पदोन्नति के लिए चयन प्रक्रिया को समयबद्ध किया जा रहा है, ताकि कर्मचारियों को समय पर प्रमोशन मिल सके।
निगम के स्टाफ स्ट्रक्चर में संशोधन की भी तैयारी है। इसके लिए प्रस्ताव बोर्ड के सामने रखा जाएगा। निगम में कांट्रेक्चुअल व्यवस्था को खत्म कर नियमित कर्मचारियों की व्यवस्था करने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।
कर्मचारियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए ‘वित्त, विधि और HR आपके द्वार’ पहल शुरू करने की योजना है। इसके तहत निगम खुद कर्मचारियों से संपर्क कर उनकी समस्याओं का समाधान करेगा। इससे सेवारत कर्मचारियों के साथ ही सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन और अन्य सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं में भी राहत मिलने की उम्मीद है।
UPCL के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने बताया कि फील्ड स्तर पर काम करने वाले कांट्रेक्चुअल कर्मचारियों के इंश्योरेंस के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। कोशिश है कि सभी कर्मचारियों को बीमा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
इस तरह UPCL की ओर से एक तरफ देहरादून में बिजली लाइनों को अंडरग्राउंड कर शहरवासियों को राहत देने की तैयारी है, वहीं दूसरी ओर फील्ड कर्मचारियों की सुरक्षा और कर्मचारियों को समय पर सुविधाएं देने के लिए भी कई स्तरों पर बदलाव किए जा रहे हैं।