हाई सिक्योरिटी जोन में मंदिर से चांदी का छत्र चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, दो दिन में खुलासा

देहरादून: राजधानी देहरादून के हाई सिक्योरिटी जोन में स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर से शिवलिंग पर लगा चांदी का छत्र चोरी करने वाले आरोपी को डालनवाला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया चांदी का छत्र भी बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

 

हाई सिक्योरिटी क्षेत्र में हुई थी दिनदहाड़े चोरी

 

यह चोरी 26 जून को दिलाराम बाजार स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर में हुई थी। घटना ने इसलिए भी तूल पकड़ा क्योंकि मंदिर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के सरकारी आवास से करीब 400 मीटर की दूरी पर स्थित है। वहीं राजभवन और मुख्यमंत्री आवास भी करीब एक किलोमीटर के दायरे में हैं। पूरे क्षेत्र में 24 घंटे पुलिस की तैनाती रहती है, बावजूद इसके दिनदहाड़े चोरी होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे थे।

 

सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से आरोपी गिरफ्तार

 

मंदिर के प्रबंधक अरविंद प्रसाद की शिकायत पर डालनवाला कोतवाली में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। लगातार जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने नया गांव रोड, हाथीबड़कला क्षेत्र से आरोपी योगेश सेमवाल को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चोरी किया गया चांदी का छत्र भी बरामद किया गया।

 

नशे की लत पूरी करने के लिए की चोरी

 

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह नशे का आदी है। नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उसने मंदिर से चांदी का छत्र चोरी किया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *