ऋषिकेश। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को ऋषिकेश स्थित चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप का औचक निरीक्षण कर यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं से सीधे संवाद कर उनकी यात्रा संबंधी समस्याओं, सुझावों और अनुभवों की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने चारधाम दर्शन कर लौटे यात्रियों से सुरक्षा, सुविधाओं और यात्रा प्रबंधन को लेकर फीडबैक प्राप्त किया। उनके अचानक कैंप पहुंचने से श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कई यात्रियों ने यात्रा व्यवस्थाओं की सराहना की, जबकि कुछ ने सुधार संबंधी सुझाव भी दिए। मुख्यमंत्री ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं के आग्रह पर मुख्यमंत्री ने उनके साथ तस्वीरें और सेल्फी भी खिंचवाईं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। वर्तमान में यात्रा सुचारू रूप से संचालित हो रही है और सरकार का लक्ष्य प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करना है।
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने लगातार निगरानी बनाए रखने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सतर्क रहने को कहा।
धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि उत्तराखंड की पहचान और प्रतिष्ठा से भी जुड़ी है। देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु देवभूमि पहुंचते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि विशाल यात्रा का सफल संचालन एक बड़ी चुनौती है, लेकिन सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से व्यवस्थाओं को मजबूत बनाया गया है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सरकार और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न होगी और श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिलेगा।