आदि कैलास यात्रा में रिकॉर्ड श्रद्धालु, 33 दिनों में 30 हजार से अधिक यात्रियों ने किए दर्शन

पिथौरागढ़। उत्तराखंड के प्रसिद्ध आदि कैलास और ऊं पर्वत यात्रा मार्ग पर इस वर्ष श्रद्धालुओं का उत्साह रिकॉर्ड स्तर पर देखने को मिल रहा है। यात्रा शुरू होने के महज 33 दिनों के भीतर 30 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जिससे पिछले वर्षों के आंकड़े पीछे छूटते नजर आ रहे हैं।

 

एक मई से शुरू हुई यात्रा के तहत अब तक 30,016 यात्रियों को परमिट जारी किए जा चुके हैं। पर्यटन और स्थानीय प्रशासन को उम्मीद है कि यात्रा समाप्त होने तक श्रद्धालुओं की संख्या पिछले वर्ष की तुलना में दोगुने से भी अधिक पहुंच सकती है।

 

पीएम मोदी के दौरे के बाद बढ़ा आकर्षण

 

अक्टूबर 2023 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदि कैलास दौरे के बाद इस क्षेत्र को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली। इसके बाद से श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। वर्ष 2024 में करीब चार माह चली यात्रा के दौरान 29,352 यात्रियों ने दर्शन किए थे, जबकि वर्ष 2025 में यह संख्या बढ़कर 36,526 तक पहुंच गई थी।

 

स्थानीय लोगों को मिल रहा रोजगार

 

आदि कैलास यात्रा सीमांत क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था के लिए भी वरदान साबित हो रही है। टैक्सी संचालन, होम स्टे, होटल और रेस्टोरेंट व्यवसाय से जुड़े 500 से अधिक परिवारों को प्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिल रहा है। यात्रियों की बढ़ती संख्या से स्थानीय व्यापारियों के साथ-साथ सरकार के राजस्व में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हो रही है।

 

मानसून में अस्थायी रूप से रुकेगी यात्रा

 

प्रशासन के अनुसार मानसून के दौरान मौसम की स्थिति को देखते हुए यात्रा को कुछ समय के लिए स्थगित किया जाएगा। इसके बाद सितंबर मध्य से यात्रा दोबारा शुरू होगी और 30 अक्टूबर तक संचालित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *