रुद्रपुर: उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में निर्माणाधीन मकान के पास मिले युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस जांच में यह मामला हत्या का निकला। चौंकाने वाली बात यह है कि युवक की हत्या उसके ही करीबी दोस्त ने महज 5 हजार रुपये चोरी करने के शक में कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल रस्सी और ईंट का टुकड़ा भी बरामद कर लिया है।
उधम सिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति ने प्रेस वार्ता में बताया कि 31 जुलाई को ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के शिवनगर इलाके में एक निर्माणाधीन मकान के पास अज्ञात युवक का शव मिला था। शव के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए विशेष टीम गठित की।
100 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाली
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच में मृतक की पहचान ट्रांजिट कैंप निवासी अनिल कुमार के रूप में हुई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि अनिल की मौत गला दबाने से हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी।
शराब पार्टी के बाद दिया वारदात को अंजाम
जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन अनिल अपने तीन दोस्तों के साथ आजादनगर ट्रांजिट कैंप में शराब पी रहा था। कुछ देर बाद दो दोस्त वहां से चले गए, जबकि अनिल और उसका करीबी दोस्त सुनील कुमार उर्फ इक्का साथ रह गए।
पुलिस के अनुसार, सुनील बहाने से अनिल को शिवनगर स्थित एक निर्माणाधीन मकान में ले गया, जहां दोनों ने फिर शराब पी। इसी दौरान सुनील ने पहले लकड़ी की फट्टी और ईंट से अनिल पर हमला किया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसने रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव वहीं छोड़कर फरार हो गया।
5 हजार रुपये के शक ने ले ली जान
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे शक था कि अनिल ने उसके 5 हजार रुपये चोरी किए हैं। इसी संदेह में उसने अपने दोस्त की हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।