डोईवाला से शुरू हुआ UKD का ‘Vision 2027’ अभियान, जनता की राय से तैयार होगा विकास का रोडमैप

देहरादून: उत्तराखण्ड क्रान्ति दल (यूकेडी) ने आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर अपनी तैयारियां तेज करते हुए ‘UKD Vision 2027’ जनसंवाद अभियान की शुरुआत कर दी है। बालावाला में पार्टी के नए कार्यालय के उद्घाटन के साथ शुरू हुए इस अभियान के तहत कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं और सुझावों को जुटाएंगे।

 

डोईवाला बनेगा अभियान का मॉडल

 

यूकेडी नेता संजय चौधरी ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य केवल चुनाव की तैयारी करना नहीं, बल्कि जनता की भागीदारी से उत्तराखण्ड के विकास का ठोस रोडमैप तैयार करना है। उन्होंने कहा कि डोईवाला से शुरू हुआ यह अभियान आगे प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचाया जाएगा और इसे ‘Vision 2027’ का मॉडल बनाया जाएगा।

 

घर-घर जाकर जुटाए जाएंगे सुझाव

 

संजय चौधरी ने बताया कि पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संवाद करेंगे। इस दौरान रोजगार, पलायन, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और स्थानीय विकास से जुड़े मुद्दों पर जनता की राय ली जाएगी। इन सुझावों के आधार पर पार्टी अपनी आगामी नीतियां और विजन डॉक्यूमेंट तैयार करेगी।

 

जनता के मुद्दों को बनाया जाएगा प्राथमिकता

 

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड क्रान्ति दल राज्य के मूल सरोकारों को लेकर हमेशा संघर्ष करता रहा है और भविष्य में भी जनता की आवाज को मजबूती से उठाता रहेगा। पार्टी का प्रयास है कि प्रदेश के विकास की दिशा जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप तय हो।

 

संगठन मजबूत करने का आह्वान

 

कार्यक्रम में यूकेडी के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेन्द्र कुकरेती मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से पूरी सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया। नए कार्यालय के उद्घाटन के साथ पार्टी ने अपने जनसंपर्क अभियान को और तेज करने का संकल्प भी लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *