नैनी झील से लगातार दूसरे दिन मिला शव, महेंद्र चौहान की मौत से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल में नैनी झील से लगातार दूसरे दिन शव मिलने की घटना से शहर में सनसनी फैल गई है। शनिवार सुबह झील में एक स्थानीय अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पर मल्लीताल पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कर शव को बाहर निकाला। मृतक की पहचान ऑल सेंट्स कॉलेज कंपाउंड निवासी महेंद्र चौहान के रूप में हुई है।

 

सुबह झील में उतराता मिला शव

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने नैनी झील में एक शव उतराता देखा, जिसके बाद इसकी सूचना तत्काल मल्लीताल कोतवाली पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को झील से बाहर निकाला और पहचान के लिए रखा। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त महेंद्र चौहान के रूप में की।

 

रात को घर से निकले थे महेंद्र चौहान

 

मृतक के बेटे ने बताया कि शुक्रवार देर रात करीब एक बजे उनके पिता शौचालय जाने की बात कहकर घर से बाहर निकले थे। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के साथ पूरी रात उनकी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह नैनी झील से शव मिलने की सूचना मिली।

 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारण का खुलासा

 

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

 

लगातार दूसरे दिन झील से मिला शव

 

गौरतलब है कि शुक्रवार को भी नैनी झील से स्थानीय निवासी मनीष शाह का शव बरामद हुआ था। लगातार दो दिनों में झील से दो शव मिलने की घटनाओं ने शहरवासियों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस दोनों मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *