रुड़की। हरिद्वार जिले के झबरेड़ा थाना क्षेत्र के झबरेड़ी कलां गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आरोप है कि एक युवक ने अपनी 23 वर्षीय बहन और उसके 20 वर्षीय प्रेमी को गोली मार दी। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, झबरेड़ी कलां निवासी अमन पुत्र रामकुमार कश्यप अपनी बहन के प्रेम प्रसंग से नाराज था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते अमन ने पहले पड़ोस में रहने वाले बहन के प्रेमी सूरज को गोली मारी। इसके बाद घर जाकर अपनी बहन को भी गोली मार दी। एक साथ दो लोगों की मौत की खबर से गांव में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही झबरेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रुड़की सिविल अस्पताल भेज दिया है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही वारदात से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है।
दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलने पर एसपी देहात अभय सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रारंभिक जांच में वारदात की वजह प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद बताई जा रही है। हालांकि घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था, इसका पता पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। घटना के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल है।
झबरेड़ा कोतवाली प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर वारदात की वजह प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद सामने आया है। पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है।