पौड़ी में बड़ा हादसा टला: चलती कार पर गिरा मलबा, एक ही परिवार के 6 लोगों को SDRF ने सुरक्षित निकाला

पौड़ी: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश अब जानलेवा साबित होने लगी है। पौड़ी जिले के सतपुली-पौड़ी मोटर मार्ग पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब अचानक पहाड़ी से भारी मलबा और पत्थर एक चलती कार पर आ गिरे। हादसे में कार सवार एक ही परिवार के छह लोग बाल-बाल बच गए। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

 

चलती कार पर अचानक गिरा मलबा

 

जानकारी के अनुसार, कार संख्या UK 12 TA 1967 में सवार परिवार थलीसैंण से दिल्ली जा रहा था। इसी दौरान सतपुली-पौड़ी मार्ग पर अचानक पहाड़ी से मलबा और बड़े पत्थर कार पर आ गिरे। हादसे में कार के शीशे टूट गए और वाहन का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि सभी यात्रियों को मामूली चोटें आईं।

 

एक ही परिवार के थे सभी यात्री

 

कार में सवार लोगों की पहचान संपत्ति देवी (68 वर्ष), दिलबर सिंह (46 वर्ष), करिश्मा नेगी (36 वर्ष), ओजस नेगी (8 वर्ष), प्रशांत नेगी (13 वर्ष) और वाहन चालक के रूप में हुई है। सभी लोग हादसे में सुरक्षित बच गए।

 

एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू अभियान

 

घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट सतपुली से सब इंस्पेक्टर सावर सिंह के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर टीम ने कार में फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। भारी बारिश और लगातार भूस्खलन की आशंका के बीच राहत एवं बचाव अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया।

 

बारिश के दौरान सतर्क रहने की अपील

 

एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने प्रदेशवासियों और यात्रियों से अपील की है कि लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन की संभावनाओं को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें। यात्रा से पहले मौसम विभाग और प्रशासन की एडवाइजरी जरूर देखें तथा संवेदनशील और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन, पुलिस या एसडीआरएफ को सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *