देहरादून: राजधानी देहरादून के पटेल नगर क्षेत्र में 23 जून को हुए दर्दनाक बस हादसे की अब मजिस्ट्रियल जांच होगी। लाल पुल के पास तेज रफ्तार सिटी बस द्वारा फुटपाथ पर बैठे मजदूरों को कुचलने की घटना को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी आशीष चौहान ने एसडीएम सदर को जांच अधिकारी नियुक्त किया है। साथ ही एक सप्ताह के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
दो मजदूरों की हुई थी मौत
23 जून की सुबह सहारनपुर रोड स्थित लाल पुल के पास फुटपाथ पर बैठे पांच मजदूरों को एक तेज रफ्तार सिटी बस ने कुचल दिया था। हादसे में सभी मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उपचार के दौरान 22 वर्षीय आहद और मानसिंह की मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है।
हर पहलू की होगी निष्पक्ष जांच
जिलाधिकारी ने जांच अधिकारी को दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहन और निष्पक्ष जांच करने के निर्देश दिए हैं। जांच में दुर्घटना के कारण, बस में चालक सहित सवार यात्रियों की संख्या, मृतकों और घायलों का विवरण, घायलों की चिकित्सकीय स्थिति, मृतकों के उत्तराधिकारियों की जानकारी, परिवहन विभाग की तकनीकी रिपोर्ट, वाहन के कर एवं मोटरयान अधिनियम के अनुपालन की समीक्षा की जाएगी।
भविष्य में हादसे रोकने के लिए दिए जाएंगे सुझाव
जांच रिपोर्ट में भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुझाव भी शामिल किए जाएंगे। जिलाधिकारी आशीष चौहान ने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारण सामने आ सकें और सड़क सुरक्षा को और प्रभावी बनाया जा सके।
साक्ष्य प्रस्तुत करने की अपील
प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के पास इस दुर्घटना से संबंधित कोई लिखित, मौखिक या अन्य साक्ष्य अथवा महत्वपूर्ण जानकारी हो, तो वह एक सप्ताह के भीतर एसडीएम सदर कार्यालय में कार्य दिवस के दौरान प्रस्तुत कर सकता है।