रामनगर। उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर में देर रात तेज रफ्तार कार ने कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। रामनगर-रानीखेत रोड पर पहले कार ने एक बाइक सवार को टक्कर मारी। इसके बाद तेलीपुरा क्षेत्र में शोक में घर के बाहर बैठे लोगों को भी कार ने टक्कर मार दी। हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक हादसा पांच-छह अक्टूबर की देर रात करीब एक बजे हुआ। बताया जा रहा है कि युवक अपने दोस्त की स्विफ्ट डिजायर कार लेकर निकला था। रामनगर-रानीखेत रोड पर कार ने तेज रफ्तार में एक बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
इसके बाद कार चालक तेलीपुरा क्षेत्र की ओर चला गया। बताया गया कि यहां एक परिवार में बुजुर्ग के निधन के बाद परिजन घर के बाहर शोक में बैठे हुए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार और बेकाबू कार ने वहां बैठे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं।
घायल युवक के अनुसार, वे अपने बाबूजी के निधन के बाद घर के बाहर शोक में बैठे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार वहां पहुंची और कई लोगों को टक्कर मार दी। घायल युवक ने कार की रफ्तार करीब 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा होने की बात कही है।
हादसे में पांच भाई घायल हुए हैं। इनमें तीन का इलाज रामनगर में चल रहा है, जबकि एक घायल को काशीपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक अन्य घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे हायर सेंटर रेफर किया गया है। हादसे में तीन बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि एक अन्य कार को भी काफी नुकसान पहुंचा है।
घायल के मुताबिक हादसे के बाद लोगों ने कार चालक को मौके पर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे के समय चालक नशे में था या नहीं और कार की वास्तविक रफ्तार कितनी थी।