देहरादून: जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में जनपद में लागू ई-ऑफिस कार्य प्रणाली की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में विभिन्न विभागों में ई-ऑफिस व्यवस्था के क्रियान्वयन, तकनीकी समस्याओं और कार्य प्रणाली को अधिक प्रभावी एवं सुगम बनाने को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में बताया गया कि जनपद के लगभग सभी शासकीय कार्यालयों को ई-ऑफिस प्रणाली से जोड़ा जा चुका है तथा अधिकांश विभागों में पत्रावलियों का निस्तारण डिजिटल माध्यम से किया जा रहा है। इससे सरकारी कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और ऑनलाइन निगरानी की व्यवस्था मजबूत हुई है।
बैठक के दौरान कुछ विभागों ने ई-ऑफिस पर रिपोर्टिंग और ऑनलाइन कार्य निष्पादन में आ रही तकनीकी समस्याओं की जानकारी दी। इस पर जिलाधिकारी ने आईटीडीए की तकनीकी टीम को तत्काल आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ई-ऑफिस शासन की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य कार्यालयी कार्यों को त्वरित, पारदर्शी और पेपरलेस बनाना है।
डीएम डॉ. आशीष चौहान ने सभी विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से पत्रावलियों के संचालन और निस्तारण को गंभीरता से अपनाएं तथा लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी तकनीकी समस्या की स्थिति में संबंधित तकनीकी टीम से समन्वय स्थापित कर उसका शीघ्र समाधान कराया जाए, ताकि सरकारी कार्य प्रभावित न हों।
बैठक में जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अंकुश पाण्डेय, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर हरेन्द्र शर्मा, आईटीडीए की तकनीकी टीम के सदस्य आशीष, दीक्षा और विवेक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।