रुद्रपुर/काशीपुर: ऊधमसिंह नगर जिले के काशीपुर में एक पेट्रोल पंप पर दर्दनाक हादसा हो गया। बाजपुर रोड स्थित आईजीएल गेट नंबर-6 के सामने बने पेट्रोल पंप पर लगे वाटर कूलर में कथित रूप से करंट आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। हालांकि, करंट लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।
मृतक की पहचान सर्वेश कुमार (पुत्र हरिचंद), निवासी ग्राम भूवरा, मसवासी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह नैनी स्टोन क्रशर में कार्यरत था। रोज की तरह काम समाप्त होने के बाद वह बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में पेट्रोल भरवाने के लिए वह उक्त पेट्रोल पंप पर रुका। पेट्रोल भरवाने के बाद वह हाथ-पैर धोने के लिए वहां लगे वाटर कूलर के पास गया, जहां यह हादसा हो गया।
हादसे में सर्वेश कुमार गंभीर रूप से झुलस गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
काशीपुर के क्षेत्राधिकारी (सीओ) प्रशांत कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त हो गई है। तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि सर्वेश कुमार विवाहित था और अपने पीछे पत्नी तथा दो छोटे बेटों को छोड़ गया है। चार भाइयों में वह सबसे बड़ा था। उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक की लहर है।
फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि वाटर कूलर में करंट आने की वजह क्या थी। यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही या सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।