हल्द्वानी: बाबा नीम करौली की महिमा पर आधारित फिल्म हनुमान अंश के बाद नैनीताल जिले के कैंची धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती आमद ने पहाड़ की यातायात व्यवस्था पर दबाव बढ़ा दिया है। वीकेंड पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र के लिए ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया है। भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी, जबकि निजी वाहनों को निर्धारित पार्किंग में खड़ा कर शटल सेवा से मंदिर तक पहुंचाया जाएगा।
नैनीताल जिले के प्रसिद्ध कैंची धाम में वीकेंड पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए कमर कस ली है। बाबा नीम करौली की ख्याति और उन पर आधारित फिल्म हनुमान अंश के बाद कैंची धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती आमद के बीच पहाड़ की सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव भी बढ़ रहा है। ऐसे में 10 और 11 अक्टूबर के लिए कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में विशेष ट्रैफिक और डायवर्जन प्लान लागू किया गया है।
भारी वाहनों पर रहेगा प्रतिबंध
यातायात प्लान के तहत सुबह तीन बजे से रात 11 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। भारी वाहनों को जनपद की सीमा पर ही रोका जाएगा। वहीं, केमू बसों, निजी बसों और चौपहिया वाहनों के लिए सुबह पांच बजे से रात आठ बजे तक निर्धारित रूट लागू रहेंगे।
अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को लमगड़ा, धानाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल के रास्ते भेजा जाएगा। रानीखेत से मैदानी क्षेत्रों में जाने वाले वाहन क्वारब, ओड़ाखान, रामगढ़ और खुटानी बैंड होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। वहीं, हल्द्वानी और काठगोदाम से पहाड़ी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को भीमताल के खुटानी बैंड से धारी और धानाचूली बैंड के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा। काठगोदाम से रानीखेत जाने वाले वाहन खुटानी से मुक्तेश्वर और रामगढ़ होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
पार्किंग और शटल सेवा की व्यवस्था
कैंची धाम पहुंचने वाले पर्यटकों के लिए भी पार्किंग की व्यवस्था तय की गई है। भीमताल की ओर से आने वाले निजी वाहनों को विकास भवन पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा, जबकि गेठिया और नैनीताल की ओर से आने वाले पर्यटकों के वाहन भवाली सैनिटोरियम पार्किंग में पार्क होंगे। यहां से श्रद्धालुओं को स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम मंदिर तक पहुंचाया जाएगा।
इसके अलावा वीकेंड के दौरान टैक्सी और दोपहिया वाहनों की कैंची धाम क्षेत्र तथा नैनीताल में आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। पुलिस प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन प्लान का पालन करें और यात्रा पर निकलने से पहले रूट की जानकारी जरूर लें, ताकि जाम और अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।