देहरादून-मसूरी मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक, पानीवाला बैंड में सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त

MDDA Advertisement

देहरादून। देहरादून-मसूरी मार्ग पर पानीवाला बैंड के पास सड़क की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने भारी वाहनों की आवाजाही पर अग्रिम आदेश तक प्रतिबंध लगा दिया है। अत्यधिक बारिश के कारण मार्ग पर पहले से बनी सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त होने के बाद प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।

 

अधिशासी अभियंता, प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग की ओर से भेजी गई रिपोर्ट में बताया गया कि लगातार भारी बारिश के चलते पानीवाला बैंड पर सड़क की सुरक्षा के लिए बनाई गई दीवार क्षतिग्रस्त हो गई है। इसके कारण मार्ग भारी वाहनों के आवागमन के लिए असुरक्षित हो गया है। विभाग ने आशंका जताई कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो किसी भी समय अप्रिय घटना हो सकती है।

 

रिपोर्ट का संज्ञान लेते हुए उप जिला मजिस्ट्रेट मसूरी राहुल आनंद ने आमजन की सुरक्षा के दृष्टिगत पानीवाला बैंड के पास मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही को अग्रिम आदेश तक प्रतिबंधित कर दिया है।

 

आदेश के अनुपालन की जिम्मेदारी संबंधित विभागों और पुलिस को सौंपी गई है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को क्षतिग्रस्त मार्ग की तत्काल मरम्मत कराकर इसे आमजन की आवाजाही के लिए सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

 

वहीं, कोतवाली मसूरी और राजपुर थाना पुलिस को प्रतिबंध का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं। कोतवाली मसूरी को पानीवाला बैंड क्षेत्र में 24 घंटे आवश्यक पुलिस बल तैनात रखने के लिए भी कहा गया है।

 

भारी बारिश के बीच प्रशासन के इस फैसले से फिलहाल इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी। मार्ग की मरम्मत पूरी होने और इसे सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही प्रतिबंध हटाने पर निर्णय लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *