पटेलनगर इंडस्ट्री एरिया में दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग, युवक के कंधे में लगी गोली

MDDA Advertisement

देहरादून। पटेलनगर इंडस्ट्री एरिया में एक निजी संस्थान के बाहर दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग से हड़कंप मच गया। हथियारों से लैस युवकों ने संस्थान के बाहर फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। घटना में साहिल नाम के युवक के कंधे में गोली लगने की सूचना है। उसे उपचार के लिए महंत इंद्रेश अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

जानकारी के अनुसार, पटेलनगर क्षेत्र में दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के युवक हरियाणा के रहने वाले हैं। विवाद के बाद बाइक सवार युवक कार का पीछा करते हुए सेंट ज्यूड्स चौक तक पहुंचे। यहां गुरमीत नाम के युवक ने कथित तौर पर फिर फायरिंग कर दी, जिसमें साहिल के कंधे में गोली लग गई।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक कार सुबह से ही सड़क किनारे खड़ी थी। दोपहर के समय डंडों और रॉड से लैस कुछ युवक बाइक से वहां पहुंचे। बाइक सवारों को नजदीक आते देख कार में सवार लाल रंग की कमीज पहने युवक ने जमीन की ओर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इसी दौरान बाइक सवारों ने कार का पीछे का शीशा भी तोड़ दिया।

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस फायरिंग करने वाले आरोपियों की पहचान और विवाद की वजह का पता लगाने में जुटी है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *