चमोली। नारायणबगड़ के स्थानीय बाजार में आवारा कुत्तों के बढ़ते हमलों से लोगों और स्कूली बच्चों में दहशत का माहौल बना हुआ है। बुधवार को एक आवारा कुत्ते ने दो स्कूली बच्चों समेत चार लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें एंटी रेबीज के इंजेक्शन लगाए गए।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को कुत्ते ने स्कूल जा रहे दीपांशु बिष्ट और कुमारी मानवी के साथ नेपाली मजदूर प्रकाश और पंती गांव निवासी लक्ष्मी पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने किसी तरह कुत्ते से बचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
इससे एक दिन पहले मंगलवार को भी एक आवारा कुत्ते ने चार लोगों को काटकर घायल कर दिया था। बुधवार को वही कुत्ता बाजार में मृत अवस्था में मिला। हालांकि, इसके बाद एक और आवारा कुत्ते के हमले ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
लगातार हो रहे कुत्तों के हमलों के चलते स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। लोगों ने बाजार और आसपास के क्षेत्रों में घूम रहे आवारा कुत्तों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग की है, ताकि स्कूली बच्चों और आम लोगों को सुरक्षित माहौल मिल सके।