देहरादून। घरेलू LPG गैस उपभोक्ताओं के लिए जरूरी खबर है। केंद्र सरकार ने e-KYC कराने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 23 अगस्त 2026 कर दी है। देहरादून जिले में अभी भी करीब 1.59 लाख घरेलू LPG उपभोक्ताओं की e-KYC पूरी नहीं हुई है। ऐसे में उपभोक्ताओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर e-KYC कराने की अपील की गई है।
देहरादून में कुल 7,16,845 घरेलू LPG कनेक्शन हैं। इनमें से अब तक 5,57,546 उपभोक्ता e-KYC करा चुके हैं, जबकि 1,59,299 उपभोक्ताओं की e-KYC अभी बाकी है। लंबित e-KYC वाले उपभोक्ताओं में 9,243 प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थी भी शामिल हैं।
पहले e-KYC कराने की अंतिम तिथि 15 अगस्त 2026 निर्धारित की गई थी। अब उपभोक्ताओं को अतिरिक्त समय देते हुए इसकी समय सीमा बढ़ाकर 23 अगस्त कर दी गई है।
उपभोक्ता तीन तरीकों से अपनी e-KYC पूरी कर सकते हैं। इसके लिए संबंधित गैस एजेंसी पर जाकर प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। इसके अलावा LPG सिलेंडर की होम डिलीवरी करने वाला कर्मचारी अपने मोबाइल ऐप और बायोमेट्रिक डिवाइस के जरिए भी e-KYC कर सकता है। उपभोक्ता संबंधित तेल विपणन कंपनी के अधिकृत मोबाइल ऐप के माध्यम से स्वयं भी e-KYC पूरी कर सकते हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने सभी घरेलू LPG उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द e-KYC करा लें, ताकि गैस सेवाओं का निर्बाध लाभ मिलता रहे।
प्रशासन की ओर से बताया गया है कि 23 अगस्त 2026 तक e-KYC नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं की घरेलू LPG आपूर्ति प्रभावित हो सकती है और उन्हें व्यावसायिक दरों पर गैस मिलने की स्थिति बन सकती है। ऐसे में जिन उपभोक्ताओं की e-KYC अभी बाकी है, उन्हें जल्द प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।