₹10 हजार रिश्वत लेते सहायक कृषि अधिकारी रंगे हाथ गिरफ्तार, सब्सिडी की फाइल आगे बढ़ाने के एवज में मांगी थी रकम

MDDA Advertisement

हरिद्वार। कृषि यंत्र खरीदने के लिए मिलने वाली सब्सिडी की फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर ₹10 हजार रिश्वत मांगना सहायक कृषि अधिकारी को भारी पड़ गया। सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की ट्रैप टीम ने मंगलवार, 18 अगस्त 2026 को आरोपी अधिकारी को शिकायतकर्ता से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

 

मामला हरिद्वार जिले के विकासखंड खानपुर का है। शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके भाई को कृषि यंत्र खरीदने के लिए मिलने वाली सब्सिडी की फाइल आगे बढ़ाने के बदले सहायक कृषि अधिकारी की ओर से ₹10 हजार रिश्वत की मांग की जा रही है।

 

शिकायत मिलने के बाद सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद आरोपी अधिकारी को पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना तैयार की गई।

 

योजना के तहत विजिलेंस टीम ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए हरिओम यादव पुत्र स्व. लाल सिंह, निवासी प्रतापनगर, नजीबाबाद रोड, कोटद्वार, पौड़ी गढ़वाल और वर्तमान में सहायक कृषि अधिकारी, विकासखंड खानपुर, जिला हरिद्वार, को शिकायतकर्ता से ₹10,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

 

गिरफ्तारी के बाद सतर्कता अधिष्ठान की टीम आरोपी अधिकारी से पूछताछ कर रही है। मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

सतर्कता अधिष्ठान की ओर से भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद उसका सत्यापन किया जाता है और आरोप सही पाए जाने पर नियोजित तरीके से ट्रैप कार्रवाई की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *