टीएचडीसी टनल रेस्क्यू में बड़ी सफलता, एक और श्रमिक सुरक्षित बाहर निकला; एक की तलाश जारी

MDDA Advertisement

चमोली। हाट-सियासैंण, मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में 13 अगस्त को हुए हादसे के बाद लापता श्रमिकों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। अभियान के दौरान एक और श्रमिक को टनल से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। उसे तत्काल जिला चिकित्सालय, गोपेश्वर भेजा गया।

 

अब एक लापता श्रमिक की तलाश बाकी है। उसे खोजने के लिए रेस्क्यू टीमें टनल के भीतर संभावित स्थानों पर युद्धस्तर पर सर्च अभियान चला रही हैं।

 

रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने के लिए टनल के भीतर जमा स्लज यानी कीचड़ और मलबे को लगातार हटाया जा रहा है। इसके साथ ही टनल में जमा पानी की निकासी भी की जा रही है। सक्शन पंप समेत अन्य आवश्यक उपकरणों की मदद से पानी और मलबा हटाकर रेस्क्यू टीमों की आवाजाही आसान बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

 

जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और संबंधित विभागों की टीमें आपसी समन्वय से राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त संसाधन एवं उपकरण मौके पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

 

रेस्क्यू टीमों का पूरा फोकस अब टनल में फंसे एकमात्र लापता श्रमिक को सुरक्षित बाहर निकालने पर है। संभावित सभी स्थानों की बारीकी से जांच की जा रही है और श्रमिक तक पहुंचने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *