देहरादून में शराब के ठेके के बाहर फायरिंग, दो युवक घायल; आरोपी फरार, पुलिस जांच में जुटी

MDDA Advertisement

MDDA Advertisement

देहरादून: राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात शराब के ठेके के बाहर हुई फायरिंग से इलाके में हड़कंप मच गया। रिंग रोड स्थित ठेके के बाहर दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान चली गोलीबारी में दो युवक घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियातन शराब का ठेका समय से पहले बंद करा दिया। दोनों घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार जारी है, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

विवाद के बाद चली गोलियां, मची अफरा-तफरी

जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब 8:30 बजे रिंग रोड स्थित शराब के ठेके के बाहर कुछ लोगों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने देसी कट्टे से फायरिंग कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मौके पर दो राउंड फायर हुए, जिससे वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई।

दो युवकों को लगी गोली

फायरिंग में 38 वर्षीय नवीन राणा की छाती में गोली का छर्रा लगा, जिन्हें उपचार के लिए कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं 25 वर्षीय कविंद्र शर्मा के पैर में गोली लगी, जिन्हें दून अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों घायलों की हालत पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है।

हवाई फायरिंग करते हुए फरार हुए आरोपी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

खुलासे के लिए टीम गठित

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि घटना दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान हुई है। फायरिंग में दो युवक घायल हुए हैं और उनका इलाज चल रहा है। मामले की जांच के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *