खटीमा/सितारगंज: उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के सितारगंज-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बिडोरा मझोला बाजार स्थित हनुमान मंदिर के पास टैक्सी कार और बाइक की आमने-सामने की भीषण टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
टक्कर के बाद दोनों वाहनों में लगी आग
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे तेज रफ्तार टैक्सी कार और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया।
अस्पताल में तोड़ा दम
स्थानीय लोगों ने दोनों घायल युवकों को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और पुलिस व 108 एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को उपजिला चिकित्सालय सितारगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके और अस्पताल पहुंची। फिलहाल मृत दोनों युवकों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर परिजनों का पता लगाने में जुटी है।
सीएनजी कार में आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दुर्घटनाग्रस्त टैक्सी कार सीएनजी से संचालित थी। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण सीएनजी सिस्टम माना जा रहा है। वहीं हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
फायर ब्रिगेड ने बुझाई आग
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और कार व बाइक में लगी आग पर काबू पाया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।