पेपर लीक के खिलाफ कांग्रेस का 40 दिवसीय अभियान शुरू, देहरादून में 50 सदस्यीय एक्शन टीम उतरेगी मैदान में

देहरादून: देशभर में पेपर लीक, परीक्षा अनियमितताओं और शिक्षा व्यवस्था में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस ने 40 दिवसीय राष्ट्रव्यापी जनजागरण अभियान शुरू कर दिया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की पहल पर शुरू हुए इस अभियान के तहत उत्तराखंड कांग्रेस भी सक्रिय हो गई है। प्रदेश कांग्रेस ने देहरादून समेत राज्यभर में अभियान को सफल बनाने के लिए 50 सदस्यीय एक्शन टीम का गठन किया है।

देहरादून भी 28 प्रमुख शहरों में शामिल

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने इस अभियान के लिए देश के 28 प्रमुख शहरों का चयन किया है, जिनमें देहरादून भी शामिल है। पहले चरण में 40 दिनों तक छात्रों, युवाओं और आम जनता के बीच जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इससे पहले 24 जून को सभी चयनित शहरों में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने प्रेस वार्ता कर अभियान की रूपरेखा साझा की थी।

नेताओं को सौंपी गई जिम्मेदारी

कांग्रेस ने अभियान के संचालन के लिए देहरादून शहर की जिम्मेदारी पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष सुमित्र भुल्लर को सौंपी है। उनके साथ वैभव वालिया और महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला को समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है। अभियान के लिए गठित 50 सदस्यीय टीम में पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों और विभागों के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है।

छात्रों और युवाओं से किया जाएगा संवाद

सोमवार को कांग्रेस की ओर से एक्शन टीम के सदस्यों को प्रशिक्षण दिया गया। टीम के सदस्य आगामी दिनों में कोचिंग सेंटर, कॉलेज और छात्रावासों में जाकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों से संवाद करेंगे। इस दौरान पेपर लीक, परीक्षा अनियमितताओं और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

1 अगस्त को ‘राष्ट्रवाद का सत्याग्रह’, 9 अगस्त को ‘दिल्ली चलो’ कार्यक्रम

कांग्रेस ने अभियान के तहत 1 अगस्त को ‘राष्ट्रवाद का सत्याग्रह’ और 9 अगस्त को ‘दिल्ली चलो’ संसद घेराव कार्यक्रम का भी ऐलान किया है। इन कार्यक्रमों में कांग्रेस के युवा और छात्र संगठन सक्रिय भागीदारी करेंगे।

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक से देश के युवाओं का शिक्षा व्यवस्था पर भरोसा कमजोर हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह विफल हो चुकी है। कांग्रेस ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के माध्यम से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को प्रमुखता से उठाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *