हरकी पैड़ी पर महिला श्रद्धालुओं से छेड़छाड़ का आरोप, विरोध करने पर मारपीट; आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार में स्थित हरकी पैड़ी पर महिला श्रद्धालुओं से कथित छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने झांसी (उत्तर प्रदेश) से आई महिला श्रद्धालुओं की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी महिलाओं के साथ अभद्रता और हाथापाई करता दिखाई दे रहा है।

पुलिस के अनुसार, झांसी निवासी एक परिवार अधिक मास के अवसर पर गंगा स्नान और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए हरिद्वार आया हुआ था। परिवार की महिलाओं ने आरोप लगाया कि हरकी पैड़ी क्षेत्र में पूजा-पाठ के दौरान एक व्यक्ति, जिसने अपना नाम रवि चौहान बताया, लगातार उन्हें परेशान कर रहा था और अशोभनीय टिप्पणियां कर रहा था।

पीड़ित महिला का आरोप है कि आरोपी ने उनसे कहा कि यदि उन्हें यहां स्नान और पूजा करनी है तो उन्हें उससे मिलना होगा। महिलाओं ने बताया कि इससे पहले भी आरोपी द्वारा उनके साथ छेड़छाड़ की गई थी। जब उन्होंने इसका विरोध किया और आरोपी को पुलिस चौकी ले जाने की कोशिश की, तो उसने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में आरोपी महिलाओं पर हाथ उठाता और उनके साथ अभद्र व्यवहार करता दिखाई दे रहा है। घटना के बाद महिलाओं ने नगर कोतवाली पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि महिला श्रद्धालुओं की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान वायरल वीडियो और अन्य तथ्यों के आधार पर आरोपी रवि चौहान को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

महिला सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

हरकी पैड़ी जैसे प्रमुख धार्मिक स्थल पर महिला श्रद्धालुओं के साथ हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में पूजा-अर्चना कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *