रुद्रप्रयाग: केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान वीआईपी रुतबा दिखाने की कोशिश एक वाहन चालक को भारी पड़ गई। रुद्रप्रयाग पुलिस ने सोनप्रयाग क्षेत्र में चेकिंग अभियान के दौरान फर्जी तरीके से ‘बिहार सरकार’ की नेम प्लेट लगाकर चल रही एक स्कॉर्पियो को पकड़ लिया। वाहन में अवैध हूटर भी लगा हुआ था, जिसे मौके पर ही हटाकर जब्त कर लिया गया।
पुलिस द्वारा चारधाम यात्रा मार्ग पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत सघन चेकिंग के दौरान सफेद रंग की स्कॉर्पियो (BR 01 FT 2735) को रोका गया। वाहन पर बड़े अक्षरों में ‘बिहार सरकार’ लिखा हुआ था, जिससे प्रथम दृष्टया सरकारी वाहन होने का आभास हो रहा था।
जांच के दौरान पुलिस ने वाहन में सवार लोगों से पूछताछ की, लेकिन कोई भी व्यक्ति स्वयं को सरकारी अधिकारी या ‘बिहार सरकार’ से संबंधित साबित नहीं कर सका। साथ ही वाहन पर लगे हूटर के उपयोग का भी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि यात्रा मार्ग पर विशेष सुविधाएं प्राप्त करने, चेकिंग से बचने और लोगों पर प्रभाव जमाने के लिए फर्जी सरकारी पहचान का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन से नेम प्लेट और अवैध हूटर हटवाकर जब्त कर लिया तथा स्कॉर्पियो को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया।
एसपी रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों और फर्जी वीआईपी संस्कृति को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी पहचान का दुरुपयोग, अवैध हूटर और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने बताया कि चारधाम यात्रा मार्ग पर सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए चेकिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है और नियम तोड़ने वालों पर आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।