देहरादून: भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) में होने वाली पासिंग आउट परेड की तैयारियों के मद्देनजर देहरादून पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। आगामी 13 जून को आयोजित होने वाली पासिंग आउट परेड से पहले रिहर्सल और तैयारी कार्यक्रमों को देखते हुए आईएमए क्षेत्र को जीरो जोन घोषित किया गया है।
पुलिस प्रशासन के अनुसार 9 जून को सुबह 5 बजे से 10 बजे तक और 11 जून को सुबह 5 बजे से 11:30 बजे तक विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। यातायात के दबाव को देखते हुए डायवर्जन व्यवस्था में आवश्यकता अनुसार बदलाव भी किया जा सकता है।
ये रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन प्लान
बल्लूपुर से प्रेमनगर जाने वाले वाहनों को रांघड़वाला तिराहे से मिठी बेरी मार्ग होते हुए प्रेमनगर भेजा जाएगा।
प्रेमनगर से शहर की ओर आने वाले वाहनों को प्रेमनगर चौक, दरू चौक, मिठी बेरी और शिमला बाईपास होते हुए निरंजनपुर मंडी की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
विशेष परिस्थितियों में प्रेमनगर से आने वाले वाहनों को एमटी सेक्शन गेट से आईएमए परिसर के अंदर से रांघड़वाला की ओर निकाला जाएगा।
सेलाकुई और भाऊवाला से आने वाले सभी भारी वाहनों को धूलकोट तिराहे से सिंघनीवाला और नया गांव मार्ग से शहर की ओर भेजा जाएगा।
देहरादून से विकासनगर की ओर जाने वाले भारी वाहनों को शिमला बाईपास से डायवर्ट कर धर्मावाला मार्ग से भेजा जाएगा।
जनता से सहयोग की अपील
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने नागरिकों से ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी रूट प्लान का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि निर्धारित मार्गों का उपयोग करने से जाम की स्थिति से बचा जा सकेगा और परेड की तैयारियां भी सुचारु रूप से संपन्न होंगी।
आईएमए पासिंग आउट परेड सेना के सबसे महत्वपूर्ण आयोजनों में से एक मानी जाती है, जिसमें देश-विदेश के जेंटलमैन कैडेट्स सैन्य जीवन की नई शुरुआत करते हैं। इसी कारण सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।