लैंसडाउन: पौड़ी गढ़वाल जिले के लैंसडाउन विधानसभा क्षेत्र के नैनीडांडा विकासखंड अंतर्गत बणासी तल्ली गांव में शनिवार सुबह गुलदार के हमले में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को जल्द पकड़ने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह गांव की दो महिलाएं शांति देवी और सुशीला देवी जंगल में घास काटने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे गुलदार ने अचानक सुशीला देवी पर हमला कर दिया। हमला इतना तेज था कि महिला को संभलने का मौका नहीं मिला और गुलदार उसे घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया।
घटना के समय साथ मौजूद शांति देवी ने शोर मचाकर ग्रामीणों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने महिला की तलाश शुरू की, लेकिन कुछ दूरी पर उनका शव बरामद हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। क्षेत्रीय विधायक महंत दिलीप रावत को भी मामले की जानकारी दी गई है। घटना के बाद बणासी तल्ली समेत आसपास के गांवों में भय का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार की गतिविधियां बढ़ी हैं, जिससे जंगल और खेतों में जाना जोखिम भरा हो गया है। उन्होंने वन विभाग से गुलदार को तत्काल पकड़ने, नियमित गश्त बढ़ाने और लोगों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
वन प्रभाग पौड़ी की एसडीओ आयशा बिष्ट ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में गुलदार की निगरानी के लिए पिंजरा और ट्रैप कैमरे लगाए जा रहे हैं। साथ ही वन विभाग की टीम लगातार गश्त करेगी और प्रशिक्षित शूटर को भी मौके पर तैनात किया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे फिलहाल अकेले जंगल या सुनसान क्षेत्रों में न जाएं और गुलदार दिखाई देने पर तुरंत विभाग को सूचना दें।