देहरादून: उत्तराखंड में मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पहले चरण में प्रदेश के 75 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी कर ली गई है। यह अभियान भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार प्री एसआईआर (Pre-SIR) गतिविधियों के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि वर्तमान मतदाता सूची की 2003 की मतदाता सूची से मैपिंग की जा रही है, ताकि रिकॉर्ड को अधिक सटीक और पारदर्शी बनाया जा सके।
उन्होंने बताया कि 1 से 15 फरवरी 2026 तक विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत बीएलओ आउटरीच अभियान के दूसरे चरण में युवा एवं महिला मतदाताओं की मैपिंग पर विशेष फोकस किया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम के निर्देशन में यह अभियान सुचारू रूप से संचालित हो रहा है। निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं से बीएलओ को सहयोग देने की अपील की है। साथ ही मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों से शत-प्रतिशत बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने का आग्रह किया गया है।