देहरादून। राजधानी देहरादून के मच्छी बाजार क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक ने सरेआम धारदार हथियार से युवती का गला रेतकर हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात से पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान 23 वर्षीय गुन्नू के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक युवक बाइक से गुन्नू के घर पहुंचा। जब युवती घर से बाहर निकल रही थी, तभी युवक ने उसे रोककर बातचीत शुरू की। कुछ ही पलों में उसने चापड़ निकालकर युवती के गले पर जानलेवा हमला कर दिया।
दो दिन पहले दी थी धमकी की शिकायत
इस मामले का सबसे गंभीर पहलू यह है कि मृतका ने घटना से दो दिन पहले खुदबुड़ा चौकी में आरोपित के खिलाफ धमकी देने की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बावजूद आरोपित खुलेआम घूमता रहा और अंततः इस जघन्य अपराध को अंजाम दे गया। इस लापरवाही को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
हमले के बाद युवती खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ी। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे दून चिकित्सालय पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे इलाके को घेरकर फॉरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की पहचान 27 वर्षीय आकाश कुमार निवासी खुड़बुड़ा मोहल्ला के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा आरोपी से सख्ती से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे के कारणों की गहन जांच की जा रही है और हर पहलू को खंगाला जा रहा है।
कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
इस सनसनीखेज हत्याकांड ने महिलाओं की सुरक्षा और पुलिस की संवेदनशीलता पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शिकायत के बावजूद समय रहते कार्रवाई न होना एक युवा जान पर भारी पड़ गया। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और शहर में शोक व आक्रोश का माहौल बना हुआ है।