देहरादून | उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हिमाचल प्रदेश से पांवटा जा रही हिमाचल रोडवेज (HRTC) की बस हरिपुर-क्वानू-मीनस मार्ग पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई, जिसमें अब तक 3 यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के वक्त बस में 30 से अधिक यात्री सवार थे।
दूसरे वाहन को पास देते समय हुआ हादसा
हादसे में शामिल बस का नंबर HP-66A-2588 बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस किसी दूसरे वाहन को पास देने के दौरान सड़क से अधिक बाहर निकल गई, जिससे चालक का संतुलन बिगड़ गया और बस सीधे खाई में जा गिरी। बस चालक का नाम दिनेश शर्मा और परिचालक का नाम जगदीश चंद बताया गया है। हादसे की सूचना सबसे पहले बस परिचालक ने पुलिस को फोन पर दी।
SDRF और पुलिस की टीमें मौके पर रवाना
CCR देहरादून द्वारा सुबह सूचना मिलते ही अर्पण यदुवंशी, सेनानायक SDRF के आदेश पर SDRF की टीमें पोस्ट डाकपत्थर, चकराता, मोरी और त्यूणी से तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। घायलों को खाई से निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
खाई में पलटी बस, अंदर फंसे रहे यात्री
हादसे के वीडियो बेहद भयावह हैं। बस खाई में गिरकर पूरी तरह पलट गई, जिससे कई यात्री उसके अंदर ही फंस गए। स्थानीय लोगों और राहत टीमों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। कुछ यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
इलाके में अफरा-तफरी, राहत कार्य जारी
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस, प्रशासन और SDRF की टीम मौके पर मौजूद है और राहत व बचाव कार्य में जुटी हुई है। मृतकों की पहचान की जा रही है, वहीं घायलों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है।
प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं और दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।