देहरादून मर्डर केस: पुलिस की लापरवाही पर गिरी गाज, चौकी प्रभारी निलंबित

देहरादून |उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में मच्छी बाजार के बीच बाजार में सोमवार को दिनदहाड़े हुई युवती की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। मामले की प्रारंभिक जांच में चौकी प्रभारी की भूमिका असंतोषजनक पाए जाने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने कड़ा रुख अपनाते हुए उपनिरीक्षक प्रद्युमन नेगी, चौकी प्रभारी खुड़बुड़ा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

 

एसएसपी देहरादून द्वारा इस पूरे मामले की प्राथमिक जांच क्षेत्राधिकारी नगर (सीओ सिटी) को सौंपी गई थी। जांच रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ कि घटना के बाद चौकी स्तर पर आवश्यक कार्रवाई में गंभीर लापरवाही बरती गई। रिपोर्ट के अनुसार, हत्या जैसे जघन्य अपराधों में त्वरित प्रतिक्रिया, साक्ष्य संकलन और समय पर कार्रवाई बेहद अहम होती है, लेकिन इस मामले में इन सभी पहलुओं की अनदेखी की गई।

 

पहले ही दी थी जान के खतरे की शिकायत

जांच में सामने आया कि मृतका ने 31 जनवरी को आरोपी के खिलाफ चौकी खुड़बुड़ा में शिकायत दर्ज कराते हुए अपनी जान को खतरा बताया था। इसके बावजूद पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया और न ही आरोपी के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई की गई। इसी लापरवाही का नतीजा यह हुआ कि आरोपी ने सोमवार को युवती की हत्या कर दी।

 

तीन साल से जान-पहचान, लगातार कर रहा था परेशान

परिजनों के अनुसार, मृतका गुंजन और आरोपी आकाश एक-दूसरे को पिछले तीन वर्षों से जानते थे। गुंजन दूल्हा बाजार स्थित एक कपड़ों की दुकान में काम करती थी, जबकि आरोपी भी उसी बाजार की एक अन्य दुकान में कार्यरत था। आरोपी शादीशुदा था और गुंजन को लगातार परेशान कर रहा था। काम पर आते-जाते समय उसका पीछा करना, धमकी देना और मानसिक उत्पीड़न करना उसकी दिनचर्या बन चुकी थी।

परिजनों ने बताया कि इस संबंध में कई बार पुलिस में शिकायत की गई, लेकिन हर बार मामले को हल्के में लिया गया। तीन दिन पहले आरोपी ने एक अन्य व्यक्ति से यह तक कह दिया था कि वह गुंजन को जान से मार देगा।

 

पुलिस प्रशासन सख्त, जांच जारी

घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए विभागीय जांच शुरू कर दी है। एसएसपी देहरादून ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है, जबकि पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *