उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, चार जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट

MDDA Advertisement

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता के बीच मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पर्वतीय क्षेत्रों से लेकर मैदानी इलाकों तक बादल छाए हुए हैं और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी है। हालांकि, पिछले दिनों के मुकाबले फिलहाल भारी बारिश से कुछ राहत मिली है। मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और गरज के साथ बौछारों की संभावना जताई है। वहीं, देहरादून, पिथौरागढ़, नैनीताल और बागेश्वर के लिए भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

 

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को उत्तराखंड के अधिकांश जनपदों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। देहरादून, पिथौरागढ़, नैनीताल और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके अलावा पर्वतीय जनपदों के साथ ऊधम सिंह नगर में भी कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तेज से अति तेज दौर की आशंका जताई गई है। मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

 

बुधवार से प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। पर्वतीय जनपदों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तेज से अति तेज दौर देखने को मिल सकते हैं। ऐसे में संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

 

फिलहाल प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत अधिक बनी हुई हैं। पहाड़ों में गरज के साथ तेज बौछारें पड़ रही हैं, जबकि मैदानी इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में मैदानी क्षेत्रों में मानसून की गतिविधि कुछ धीमी पड़ सकती है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *