देहरादून: उत्तराखंड में बारिश का दौर अभी थमने वाला नहीं है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने 9 से 11 अगस्त तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। इस दौरान कई जिलों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने अलग-अलग दिनों के लिए जिलों के अनुसार येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
9 अगस्त को इन जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 9 अगस्त को देहरादून, पिथौरागढ़, चमोली, चंपावत, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर में तेज से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी बारिश और गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। लोगों को मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
10 अगस्त को चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट
10 अगस्त को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर और चंपावत में भारी से जोरदार बारिश की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इन क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की घटनाओं का खतरा बना रह सकता है।
11 अगस्त को इन जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान
11 अगस्त को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, चमोली, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है।
नदी-नालों से रहें दूर, यात्रा में बरतें सावधानी
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के चलते नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है, इसलिए इनके आसपास जाने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
भारी बारिश के दौरान भूस्खलन, चट्टान गिरने और सड़क पर मलबा आने से राजमार्ग, सड़कें और पुल बाधित या क्षतिग्रस्त हो सकते हैं। ऐसे में यात्रा करने वाले लोग मौसम और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी पर नजर रखें और जोखिम वाले मार्गों पर जाने से बचें।