कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में हरिद्वार में उमड़ा सैलाब, डाक कांवड़ वाहनों के लिए खास ट्रैफिक प्लान, डीएम-एसएसपी ने संभाला मोर्चा

हरिद्वार: कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में धर्मनगरी हरिद्वार में डाक कांवड़ियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। अब तक 3 करोड़ 19 लाख 48 हजार कांवड़िए गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्यों की ओर रवाना हो चुके हैं। पैदल कांवड़ियों की संख्या घटने के साथ ही दोपहिया और चौपहिया डाक कांवड़ वाहनों का दबाव बढ़ गया है। इसे देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है।

डीएम-एसएसपी ने देर रात किया हाईवे का निरीक्षण

 

कांवड़ मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर देर रात जीरो ग्राउंड पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने मोतीचूर तक हाईवे का निरीक्षण कर यातायात, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

 

अधिकारियों ने चौक-चौराहों पर तैनात पुलिसकर्मियों से पार्किंग और यातायात की स्थिति की जानकारी ली। इसके साथ ही कांवड़ मेले में तैनात एसपीओ का उत्साहवर्धन भी किया।

 

हाईवे पर बढ़ेगा डाक कांवड़ वाहनों का दबाव

 

डीएम मयूर दीक्षित ने बताया कि डाक कांवड़ शुरू होने के बाद कांवड़ पटरी पर श्रद्धालुओं की संख्या कम हुई है, जबकि हाईवे पर वाहनों का दबाव बढ़ रहा है। इसे देखते हुए कांवड़ पटरी पर उपलब्ध शौचालय और लाइटिंग जैसी सुविधाओं को हाईवे और पार्किंग क्षेत्रों में शिफ्ट किया जा रहा है।

 

पार्किंग स्थलों पर पेयजल, बिजली, शौचालय और अन्य जरूरी सुविधाओं को भी मजबूत किया जा रहा है। अधिकारियों को हाईवे पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

 

रविवार सुबह से शुरू होगी डाक कांवड़ वाहनों की निकासी

 

एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि रविवार सुबह 9 बजे से डाक कांवड़ वाहनों की निकासी शुरू होगी। वाहनों को निर्धारित रूट के अनुसार अलग-अलग बॉर्डर से निकाला जाएगा।

 

दिल्ली, नोएडा, मेरठ और मुजफ्फरनगर जाने वाले वाहन नारसन बॉर्डर से भेजे जाएंगे।

 

सहारनपुर, हरियाणा और पंजाब जाने वाले वाहनों के लिए भगवानपुर बॉर्डर का इस्तेमाल होगा।

 

बिजनौर और मुरादाबाद की ओर जाने वाले वाहनों को हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे से निकाला जाएगा।

 

 

पुलिस ने श्रद्धालुओं से रूट डायवर्जन और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

 

बैरागी कैंप में बड़े वाहनों की पार्किंग

 

डाक कांवड़ वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। बैरागी कैंप पार्किंग में सबसे ज्यादा बड़े वाहनों को पार्क कराया गया है। वहीं छोटे वाहनों के लिए दीनदयाल, रोड़ी, पंतद्वीप, गौरीशंकर और गड्ढा पार्किंग में व्यवस्था की गई है।

 

प्रशासन के अनुसार अगले दो दिन हरिद्वार में कांवड़ियों की भारी भीड़ रहने की संभावना है। 10 अगस्त की रात तक डाक कांवड़ वाहनों की रवानगी जारी रहने की उम्मीद है। पुलिस और प्रशासन ने भीड़, यातायात और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर निगरानी बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *