उत्तराखंड में बारिश का कहर, 103 सड़कें बंद; आज कई जिलों में रेड अलर्ट, स्कूलों में अवकाश

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। लगातार हो रही बारिश के कारण रविवार को प्रदेशभर में भूस्खलन और मलबा आने से 103 सड़कें बाधित हो गईं, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए भी कई जिलों में भारी से अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। खराब मौसम को देखते हुए सात जिलों में स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।

 

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार देहरादून, टिहरी और हरिद्वार जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी तथा कहीं-कहीं अत्यंत भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं नैनीताल, चंपावत, ऊधम सिंह नगर, उत्तरकाशी और पौड़ी जिलों में भी भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

 

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने लोगों से नदी-नालों के किनारे न जाने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अगले 24 घंटे प्रदेश के कई जिलों के लिए संवेदनशील रहेंगे।

 

देहरादून में स्कूल बंद

 

रेड अलर्ट के मद्देनजर देहरादून जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में सोमवार को अवकाश घोषित किया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर पहले वायरल हुआ अवकाश आदेश फर्जी था, जिसके बाद आधिकारिक आदेश जारी किया गया।

 

सीएम धामी ने दिए सतर्क रहने के निर्देश

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन और सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन सहित सभी संबंधित अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां भी भारी बारिश, भूस्खलन या सड़क बंद होने की स्थिति बने, वहां तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जाए। साथ ही सड़क, बिजली, पेयजल और संचार जैसी आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता के आधार पर बहाल किया जाए तथा चारधाम यात्रा मार्गों की लगातार निगरानी रखी जाए।

 

दून-मसूरी मार्ग पर भूस्खलन

 

लगातार बारिश के चलते दून-मसूरी मार्ग पर ग्लोगी पावर हाउस और मैगी प्वाइंट के पास दो स्थानों पर भूस्खलन हुआ। पहाड़ी से पत्थर और मलबा सड़क पर गिरने से कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। हालांकि लोक निर्माण विभाग की टीम ने जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर मार्ग को जल्द ही सुचारु कर दिया।

 

एसडीएम राहुल आनंद ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से बारिश के दौरान पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करते समय विशेष सतर्कता बरतने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *