SIR को लेकर निर्वाचन आयोग का बड़ा फैसला, दावे-आपत्तियों के निस्तारण की समयसीमा 28 सितंबर तक बढ़ी

MDDA Advertisement

देहरादून: उत्तराखंड में चल रही एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया को लेकर निर्वाचन आयोग ने बड़ा अपडेट दिया है। पहले 15 सितंबर 2026 को फाइनल मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाना था, लेकिन नोटिस फेज के साथ दावे और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण अब इसकी समय सीमा बढ़ा दी गई है। भारत निर्वाचन आयोग ने अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के लिए 17 दिन का अतिरिक्त समय दिया है। अब उत्तराखंड में फाइनल मतदाता सूची का प्रकाशन 3 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।

दावे और आपत्तियों के निस्तारण की समय सीमा भी बढ़ाकर 28 सितंबर 2026 कर दी गई है। इससे पहले इसके निस्तारण की अंतिम तिथि 11 सितंबर निर्धारित थी। एसआईआर के शेड्यूल में बदलाव के बाद निर्वाचन आयोग को लंबित आवेदनों के निस्तारण के लिए अतिरिक्त समय मिला है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सोमवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आयोग ने उत्तराखंड में मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तिथि 3 अक्टूबर 2026 कर दी है।

14 जुलाई को जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची के अनुसार प्रदेश में कुल 71,33,785 मतदाता हैं। इनमें से 24,30,387 मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए थे। इनमें 24,29,524 नोटिस की सुनवाई पूरी हो चुकी है, जबकि 863 नोटिस की सुनवाई अभी बाकी है। इस तरह अब तक 99.96 फीसदी नोटिस की सुनवाई पूरी हो चुकी है।

हालांकि निर्वाचन आयोग के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती फॉर्म 6, फॉर्म 7 और फॉर्म 8 के लंबित आवेदनों के निस्तारण की है। दावे और आपत्तियों के लिए निर्धारित अवधि 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 के बीच आयोग को कुल 3,19,309 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें फॉर्म 6 के 1,37,146 आवेदन, फॉर्म 7 के 1,30,382 आवेदन और फॉर्म 8 के 51,781 आवेदन शामिल हैं।

आयोग को प्राप्त कुल 3,19,309 आवेदनों में से अब तक 80,239 आवेदनों का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि 2,39,070 आवेदन अभी अंडर प्रोसेस हैं। यानी प्राप्त कुल आवेदनों में से करीब 25 फीसदी का ही अब तक निस्तारण हो पाया है। इसी वजह से दावे और आपत्तियों के निस्तारण की समय सीमा बढ़ाकर 28 सितंबर 2026 कर दी गई है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार, फॉर्म 6 के 1,37,146 आवेदनों में से 22,567 का निस्तारण हो चुका है, जबकि 1,14,579 आवेदन पर कार्रवाई जारी है।

वहीं, फॉर्म 7 के कुल 1,30,382 आवेदनों में से 44,132 का निस्तारण किया जा चुका है और 86,250 आवेदन अभी प्रक्रिया में हैं। फॉर्म 8 के कुल 51,781 आवेदनों में से 13,540 का निस्तारण हो चुका है, जबकि 38,241 आवेदन पर कार्रवाई जारी है।

इस तरह एसआईआर प्रक्रिया के तहत नोटिस की सुनवाई का काम लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन फॉर्म 6, 7 और 8 से जुड़े दावों और आपत्तियों के निस्तारण के लिए निर्वाचन आयोग को अतिरिक्त समय की जरूरत पड़ी है। अब 28 सितंबर तक इन आवेदनों के निस्तारण के बाद 3 अक्टूबर 2026 को उत्तराखंड की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *