उत्तराखंड आयुर्वेद यूनिवर्सिटी में फिर हंगामा, पानी की टंकी पर चढ़े चार छात्र; परिसर में पुलिस बल तैनात

MDDA Advertisement

डोईवाला: उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय देहरादून के हर्रावाला परिसर में एक बार फिर छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। परीक्षा समय पर नहीं होने और लंबित परीक्षाओं के परिणाम जारी नहीं किए जाने से नाराज चार छात्र गुरुवार को दोबारा विश्वविद्यालय परिसर में पानी की टंकी पर चढ़ गए। इनमें दो छात्राएं और दो छात्र शामिल हैं। छात्रों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, वे टंकी से नीचे नहीं उतरेंगे।

 

बुधवार रात से ही सैकड़ों BAMS छात्र विश्वविद्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन कर रहे थे। गुरुवार सुबह छात्रों का आक्रोश बढ़ गया और चार छात्र विरोध जताने के लिए पानी की टंकी पर चढ़ गए। इसके बाद परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

 

सूचना मिलने पर डोईवाला कोतवाली पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस और प्रशासन की ओर से टंकी पर चढ़े छात्रों को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए समझाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।

 

छात्रों का आरोप है कि उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय में समय पर परीक्षाएं आयोजित नहीं की जा रही हैं। वहीं, जो परीक्षाएं हो चुकी हैं, उनके परिणाम भी कई महीनों से लंबित हैं। छात्रों का कहना है कि इससे उनका शैक्षणिक सत्र प्रभावित हो रहा है और वे अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं।

 

छात्रों के मुताबिक, उन्होंने अपनी मांगों को लेकर विश्वविद्यालय प्रबंधन को कई बार लिखित शिकायत दी है। करीब 10 दिन पहले भी इसी मुद्दे को लेकर छात्रों ने प्रदर्शन किया था और कुछ छात्र पानी की टंकी पर चढ़ गए थे। उस दौरान काफी हंगामा हुआ था। बाद में विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर की ओर से 10 दिन के भीतर समस्याओं के समाधान का लिखित आश्वासन दिया गया था, जिसके बाद रात करीब एक बजे छात्रों को टंकी से नीचे उतारा गया था।

 

छात्रों का कहना है कि 10 दिन बीत जाने के बावजूद उनकी मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज होकर उन्होंने दोबारा आंदोलन शुरू कर दिया और चार छात्र पानी की टंकी पर चढ़ गए।

 

अब इस मामले में सियासी समर्थन भी सामने आने लगा है। छात्रों के समर्थन में कांग्रेस और भारतीय किसान यूनियन के लोग मौके पर पहुंचे। कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहित उनियाल ने विश्वविद्यालय प्रबंधन और सरकार के अधिकारियों पर छात्रों को परेशान करने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि वह छात्रों के हित में देर रात मुख्यमंत्री आवास भी गए थे।

 

फिलहाल विश्वविद्यालय परिसर में पुलिस बल तैनात है और टंकी पर चढ़े छात्रों को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *