देहरादून में 72 वर्षीय महिला की हत्या का 12 घंटे में खुलासा, 18 हजार की मजदूरी के विवाद में नौकर गिरफ्तार

MDDA Advertisement

देहरादून: राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में 72 वर्षीय महिला की मौत के मामले का पुलिस ने 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में महिला के परिचित और नौकर विनीत कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी का मृतका के पति से 18 हजार रुपये की बकाया मजदूरी को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद में उसने महिला पर हमला किया और पकड़े जाने के डर से उसका मुंह दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

 

पुलिस के मुताबिक, तीन सितंबर को दिनेश बंसल ने 112 कंट्रोल रूम को सूचना दी थी कि उनकी 72 वर्षीय पत्नी रेखा बंसल घर में अचेत अवस्था में पड़ी हैं और उनके चेहरे पर चोट के निशान हैं। सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस मौके पर पहुंची। 108 एंबुलेंस की टीम ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।

 

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी की गई। मामले में थाना रायपुर में हत्या की धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

 

एसएसपी के निर्देश पर पुलिस की अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों की जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान पुलिस का शक विनीत कुमार पर गया। इसके बाद पुलिस ने उसे रिंग रोड स्थित त्रिलोक गेस्ट हाउस के पास से गिरफ्तार कर लिया।

 

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मूल रूप से उत्तरकाशी का रहने वाला है और करीब 10 वर्षों से देहरादून के अजबपुर में रह रहा है। वह त्रिलोक गेस्ट हाउस में रात के सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करता था। इसके अलावा वह दिनेश बंसल की डिस्पेंसरी रोड स्थित ‘अनुज प्रकाशन’ बुक शॉप में हेल्पर का काम भी करता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी इस परिवार को करीब 15 वर्षों से जानता था।

 

पुलिस का कहना है कि आरोपी की करीब 18 हजार रुपये की मजदूरी बकाया थी। कई बार पैसे मांगने के बावजूद भुगतान नहीं होने के कारण वह नाराज था। घटना वाले दिन वह दिनेश बंसल की स्कूटी से उनके घर पहुंचा। आरोपी को घर के पीछे का दरवाजा खुला रहने की जानकारी थी। उस समय घर में रेखा बंसल अकेली थीं।

 

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने रेखा बंसल से बकाया मजदूरी के पैसे मांगे। पैसे नहीं मिलने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में आरोपी ने हाथ में पहने कड़े से रेखा बंसल के चेहरे पर वार कर दिया। चोट लगने के बाद महिला बिस्तर पर गिर गईं और चिल्लाने लगीं। पुलिस के अनुसार, पकड़े जाने के डर से आरोपी ने उनका मुंह दबा दिया। कुछ देर बाद जब उसे लगा कि महिला की मौत हो गई है तो वह उनके हाथ से सोने का कंगन निकालकर मौके से फरार हो गया।

 

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर मृतका से लूटा गया सोने का कंगन और घटना के दौरान आरोपी द्वारा पहना गया कड़ा बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को धारा 103(1), 309(4) और 117(2) बीएनएस के तहत गिरफ्तार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *