नेपाल बाढ़ आपदा के लिए हरिद्वार के संतों ने जुटाए 38 लाख रुपये, 51 लाख तक मदद का लक्ष्य

MDDA Advertisement

हरिद्वार: नेपाल में आई भीषण बाढ़ आपदा को लेकर हरिद्वार के बड़ा अखाड़ा में गुरुवार शाम साधु-संतों की बैठक हुई। अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष और महानिर्वाणी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न अखाड़ों, मठ-मंदिरों से जुड़े साधु-संत शामिल हुए। करीब आधे घंटे चली बैठक में संत समाज ने नेपाल के आपदा प्रभावित लोगों की मदद के लिए 38 लाख रुपये की धनराशि एकत्रित कर ली।

 

बैठक में नेपाल बाढ़ आपदा में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी गई और प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई गई। संतों ने आपदा प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद करने का निर्णय लिया। एकत्रित धनराशि जिला प्रशासन के माध्यम से नेपाल भेजी जाएगी, ताकि इसे आपदा प्रभावित लोगों तक राहत के लिए पहुंचाया जा सके।

 

संत समाज ने आगे भी धनराशि जुटाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। बैठक में करीब 51 लाख रुपये एकत्रित कर नेपाल भेजने का लक्ष्य रखा गया। संतों ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक संबंध हैं। ऐसे कठिन समय में नेपाल के लोगों के साथ खड़ा होना संत समाज का दायित्व है। उन्होंने अन्य लोगों से भी आपदा प्रभावितों की मदद के लिए आगे आने की अपील की।

 

अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच गहरे संबंध हैं और नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों की जान गई है और कई परिवार प्रभावित हुए हैं। संत समाज ने हमेशा आपदा और संकट के समय मानवता की सेवा को प्राथमिकता दी है। बैठक में संतों ने मिलकर 38 लाख रुपये जुटाए हैं, जिसे जिला प्रशासन के माध्यम से नेपाल भेजा जाएगा।

 

श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि जरूरत पड़ने पर संत समाज आगे भी नेपाल के लोगों की मदद करेगा। उन्होंने कहा कि इस आपदा में विभिन्न देशों के नागरिकों की भी जान गई है और सभी के प्रति साधु-संतों की संवेदना है। उन्होंने बताया कि साधु-संतों के पास आने वाली दान-दक्षिणा और भिक्षा से भी धनराशि एकत्रित कर नेपाल भेजी जाएगी।

 

अखाड़ा परिषद के प्रवक्ता महंत करौली शंकर महाराज ने बताया कि नेपाल आपदा को लेकर आयोजित बैठक में सभी 13 अखाड़ों के साधु-संत और मठ-मंदिरों से जुड़े महंत शामिल हुए। उन्होंने कहा कि नेपाल और भारत का रिश्ता केवल पड़ोसी देशों का नहीं, बल्कि आस्था और संस्कृति का भी है।

 

उन्होंने कहा कि नेपाल में आई बाढ़ से हुई जनहानि से संत समाज बेहद व्यथित है। बैठक में करीब 38 लाख रुपये का एकत्रित होना संत समाज की संवेदनशीलता और सेवा भावना को दर्शाता है। संत समाज संकट की इस घड़ी में नेपाल के लोगों के साथ खड़ा है और हरसंभव सहायता के लिए तैयार है।

 

बैठक के अंत में संतों ने नेपाल आपदा में मारे गए लोगों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। महंत करौली शंकर महाराज ने कहा कि नेपाल में आई आपदा ही बैठक का मुख्य एजेंडा था और अपनी सामर्थ्य के अनुसार सभी साधु-संतों ने नेपाल की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी संत समाज नेपाल की हरसंभव मदद के लिए तैयार रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *