देहरादून में दर्दनाक हादसा: बरसाती नाले में बहने से दो सगी मासूम बहनों की मौत, परिवार में मचा कोहराम

देहरादून: राजधानी देहरादून के क्लेमेंटटाउन क्षेत्र की नई बस्ती में गुरुवार को एक हृदयविदारक हादसे में दो सगी मासूम बहनों की बरसाती नाले में बहने से मौत हो गई। मूसलाधार बारिश के दौरान तेज बहाव की चपेट में आने के बाद दोनों बच्चियां नाले के ऊपर बने रैंप के नीचे फंस गईं। स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

 

बहन को बचाने गई बड़ी बहन भी बहाव में बही

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बच्चियां मंदिर के पास बारिश के दौरान खेल रही थीं। इसी दौरान छोटी बहन सोनाक्षी खेलते-खेलते खुली नाली के पास पहुंच गई और तेज बहाव में बहने लगी। बहन को बचाने के लिए बड़ी बहन लक्ष्मी तुरंत नाली में उतरी, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि वह भी संतुलन खो बैठी। देखते ही देखते दोनों बहनें बहकर नाले के ऊपर बने रैंप के नीचे पहुंच गईं और वहां पाइपनुमा संरचना में फंस गईं।

 

तेज ढलान और बारिश बने हादसे की वजह

 

स्थानीय लोगों ने बताया कि जिस नाली में हादसा हुआ, वहां तीखी ढलान होने के कारण बारिश के समय पानी अत्यधिक तेज गति से बहता है। नाली के किनारों पर फिसलन होने के कारण बच्चियां खुद को संभाल नहीं सकीं और बहाव की चपेट में आ गईं।

 

रैंप के नीचे फंसी मिलीं दोनों बच्चियां

 

पानी का बहाव कम होने के बाद स्थानीय लोगों ने रैंप के नीचे तलाश की तो घर में पानी की आपूर्ति के लिए बने पाइप के पास दोनों बच्चियां फंसी हुई मिलीं। पाइप में एक पत्थर भी अटका हुआ था, जिससे पानी का प्रवाह प्रभावित हुआ और दोनों बहनें वहीं फंस गईं। उन्हें तत्काल बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

 

पूरे इलाके में शोक की लहर

 

हादसे के बाद नई बस्ती क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। कुछ देर पहले तक बारिश में खेल रही दोनों मासूम बहनों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोग भी इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध हैं और खुले बरसाती नालों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *